बलिया। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के बजहां गांव में गुरुवार को छत्तीसगढ़ पुलिस में तैनात जवान मुन्ना यादव का शव पहुचते ही कोहराम मच गया। अपने लाल के अंतिम दर्शन करने के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। इसी बीच, जवान की पत्नी सीमा भी कलकत्ता से अपने ससुराल पहुंची। अपने पति का शव देख सिमा दहाड़े मारकर रोने लगी वही साथ- साथ परिजनों का भी रोते-रोते बुरा हाल था। गांव के लोग भी नम आंखों से मायूस होकर खड़े थे, क्योंकि मुन्ना काफी मिलनसार थे।
बताते चलें कि मुन्ना यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में कार्यरत थे और इनकी वर्तमान तैनाती दंतेवाड़ा में थी। दुर्घटनावश बिजली की चपेट में आने से उनकी मौत हो गयी। गुरुवार को जैसे ही मुन्ना का शव गांव मेंं पंहुचा वैसे ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। इस घटना से न सिर्फ जवान के परिजन, बल्कि पूरा गांव आहत हैं। 26 वर्षीय जवान की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी चीत्कार ने पूरे गांव का झकझोर कर रख दिया है। वही जवान मुन्ना की शादी वर्ष 2016 में हुई थी। पत्नी सीमा का रो-रो कर बुरा हाल था। इस घटना ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां लूट ली हैं।