गड़वार (बलिया)। थाना क्षेत्र के जनऊपुर गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई जिसमें एक महिला घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय चालान कर दिया। जनऊपुर गांव में आवागमन के लिए पूर्व प्रधान द्वारा खड़ंजा का निर्माण कराया गया था। इस पर कुछ दिनों पूर्व एक पक्ष द्वारा खड़ंजा पर अतिक्रमण कर दीवार का निर्माण कराए जाने लगा। जिसका आसपास के लोगों ने विरोध किया था। मामला थाना पर पंहुचने के बाद स्थानीय पुलिस ने निर्माण कार्य को रोकवा दिया था। इसी बीच बुधवार को फिर उसी पक्ष द्वारा दीवार का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया, जिसका दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस मारपीट की घटना में एक पक्ष से सोएबा खातुन पत्नी एजाज आलम घायल हो गई। पीड़िता द्वारा इसकी तहरीर थाने पर दी गई। पुलिस ने शांति भंग में एक पक्ष के अभिषेक ऊर्फ गोलू वहीं दूसरे पक्ष से मैनुद्दीन अंसारी को न्यायालय चालान कर दिया। घटना के बाद रतसर चौकी प्रभारी पवन कुमार मौके पर पुलिस बल के साथ शांति व्यवस्था के लिए मौजूद रहे।
रिपोर्ट - पप्पू पाण्डेय
