बलिया। साइबर सेल बलिया को बड़ी उपलब्धि मिली है। साइबर सेल टीम व आरक्षी अमरनाथ मिश्रा की मेहनत से एक भारतीय नौसेना के जवान का 36,189 रुपये वापस मिल गया है। इससे खुश सैनिक ने साइबर सेल की कर्तव्यनिष्ठा की न सिर्फ प्रशंसा की, बल्कि आभार भी जताया।
बताते चलें कि दोकटी थाना क्षेत्र के लक्ष्मण छपरा निवासी बीरबल कुमार प्रजापति पुत्र नागेश्वर प्रजापति भारतीय नौसेना में कार्यरत है। इनके बैंक खाते से 02 नवम्बर 2020 को धोखाधड़ी कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा 36,189 रूपया निकाल लिया गया था। जिसके बाद बीरबल कुमार प्रजापति द्वारा पुलिस कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया गया कि शिकायतकर्ता के खाते से 36,189 रूपया फर्जी तरीके से स्थानान्तरण किया गया है। भारतीय नौसेना में नायक पद पर कोच्चि में तैनात बीरबल कुमार प्रजापति अपनी बहन की शादी मेंं अवकाश पर गांव आये है।
वीरबल प्रजापति के शिकायत के आधार पर साइबर सेल द्वारा शिकायत को संज्ञान में लेते हुए त्वरित विधिक कार्यवाही की गयी। जिसके फलस्वरूप शिकायतकर्ता बीरबल कुमार प्रजापति के खाते में 36,189 रुपये वापस आ गया। शिकायतकर्ता बीरबल कुमार प्रजापति ने बलिया पुलिस तथा साइबर सेल टीम की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। साइबर सेल टीम में आरक्षी अमरनाथ मिश्र व आरक्षी कृष्ण मोहन शुक्ला शामिल रहे।